असीन : ताजगी भरा चेहरा

इस समय खान तिकड़ी को नई नायिकाओं के साथ काम करने का चस्का लग गया है। अपनी उम्र से बीस वर्ष कम उम्र की लड़कियों के वे नायक बन रहे हैं। शाहरुख खान ‘रब ने बना दी जोड़ी’ (अनुष्का शर्मा) और आमिर खान ‘गजिनी’ (असीन) में नई नायिकाओं के साथ दिखाई देंगे। भला सलमान खान कैसे पीछे रहते। उन्होंने ‘वीर’ में अपने लिए कम उम्र की नायिका ढूँढ ली है। आमिर की पसंद असीनबात की जाए असीन की। असीन दक्षिण भारतीय फिल्मों में जाना-पहचाना नाम है। 23 वर्ष की उम्र में ही उन्होंने लोकप्रियता हासिल कर ली। मुरुगदास ने जब आमिर को ‘गजिनी’ फिल्म का तमिल वर्जन दिखाया तो फिल्म के साथ-साथ आमिर को असीन का काम भी पसंद आया। इस फिल्म में असीन के नायक थे सूर्या। बात जब इस फिल्म को हिन्दी में बनाने के चली तो आमिर ने निर्माता से कहकर असीन को ही नायिका बनवा दिया। इस तरह से दक्षिण भारत की एक और नायिका हिन्दी फिल्मों में आ गई। इस समय भले ही दक्षिण भारतीय नायिकाएँ हिन्दी फिल्मों में कम नजर आ रही हैं, लेकिन एक समय उनका ही राज चलता था। वैजयंतीमाला, हेमा मालिनी, रेखा, जयाप्रदा, श्रीदेवी जैसी अनेक नायिकाओं ने नंबर वन के सिंहासन पर बैठकर राज किया। परफेक्शनिस्ट खान से कैसी परेशानीबॉलीवुड में यह माना जाता है कि आमिर खान परफेक्शनिस्ट हैं और उनके साथ काम करने वालों को परेशानी होती है। असीन ने भी ये बातें सुन रखी थीं, लेकिन उन्होंने उससे विपरीत आमिर को पाया। असीन का मानना है कि आमिर हमेशा फिल्म की बेहतरी के लिए सोचते हैं और उनके साथ काम करने में किसी भी किस्म की परेशानी उन्हें महसूस नहीं हुई। ऐसा इसलिए किया आमिर ने जब से ‘गजिनी’ बनना शुरू हुई है तब से लेकर प्रमोशन तक आमिर ने असीन को मीडिया से बचाकर रखा है। इस बात को लेकर कहा गया कि असीन के ऊपर आमिर ने नियंत्रण कर रखा है और वे गॉडफादर का रोल अदा कर रहे हैं। जबकि आमिर ने जानबूझकर ऐसा किया ताकि फिल्म की नायिका के प्रति दर्शकों में उत्सुकता बढ़े। खान तिकड़ी का जादू आमिर किसी नायिका को अपनी फिल्म में लें तो दूसरे निर्माता उसे प्रतिभाशाली मानने लगते हैं। असीन को साइन करने के लिए निर्माताओं में होड़ मची और बाजी मार ली विपुल शाह ने। विपुल अपनी आगामी फिल्म ‘लंदन ड्रीम्स’ के लिए नायिका तलाश रहे थे। असीन की मुलाकात उन्होंने फिल्म के नायक सलमान खान से करवाई। सलमान को भी असीन भा गई और असीन ने भी सलमान की नायिका बनने के लिए तुरंत हाँ कह दिया। सैफ अली खान के साथ भी असीन एक विज्ञापन कर चुकी हैं। सलमान, आमिर के बाद वे अब शाहरुख के साथ काम करना चाहती हैं। खान तिकड़ी के जादू से वे भी नहीं बच पाईं। असीन के नखरे असीन की अभी एक भी हिन्दी फिल्म प्रदर्शित नहीं हुई है, लेकिन कहा जा रहा है कि उनके सुपरस्टार वाले नखरे अभी से शुरू हो गए हैं। पिछले दिनों ‘लंदन ड्रीम्स’ की शूटिंग असीन विदेश में कर रही थीं। शूटिंग के दौरान असीन को जो जूते पहनने को दिए थे, वे उन्हें पसंद नहीं आए। हीरोइन का मूड खराब नहीं हो, इसलिए निर्माता विपुल शाह ने असीन को स्टोर से मनपसंद जूते खरीदने के लिए कहा। असीन ने दो लाख रुपए की कीमत वाले जूते पसंदकर विपुल शाह को करारा झटका दिया।असीन से उम्मीद बॉलीवुड में इस समय नायिकाओं की कमी महसूस की जा रही है। रानी, प्रीति, ऐश्वर्या, शिल्पा जैसी नायिकाओं की उम्र हो चली है। कैटरीना, करीना, प्रियंका कितनी फिल्में कर सकती हैं। नए चेहरों की जरूरत महसूस की जा रही है। असीन इस कमी को कुछ हद तक दूर करेंगी, ऐसी उम्मीद है।